Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
बलिया में खुला मुक्त विश्वविद्यालय का क्षेत्रीय केंद्र
PRAYAGRAJ NEWS: उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज और जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के मध्य बुधवार को ऐतिहासिक समझौते के उपरांत मुक्त विश्वविद्यालय का क्षेत्रीय केंद्र बलिया में स्थापित किया गया। यह केंद्र जननायक विश्वविद्यालय बलिया से संचालित किया जाएगा। मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम और जननायक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजीत गुप्ता की उपस्थिति में दोनों विश्वविद्यालय के मध्य समझौता ज्ञापन पत्र पर हस्ताक्षर किए गए।
कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने बताया कि इसके साथ ही जननायक विश्वविद्यालय में एक अध्ययन केंद्र भी स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में विद्यार्थी दो पाठ्यक्रमों की शिक्षा एक साथ ग्रहण कर सकते हैं ऐसे में मुक्त विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले जननायक विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को हमारा विश्वविद्यालय पाठ्य सामग्री मुफ्त में उपलब्ध कराएगा। प्रोफेसर सत्यकाम ने कहा कि जननायक विश्वविद्यालय में क्षेत्रीय केंद्र खुलने से परंपरागत शिक्षा और दूरस्थ शिक्षा का ऐसा समन्वित गठबंधन तैयार होगा जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2035 तक 50ः उच्च शिक्षा के नामांकन के लक्ष्य को पूरा करने में कारगर सिद्ध होगा। कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने आशा व्यक्त की कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को व्यावहारिक रूप देने में बलिया का यह क्षेत्रीय केंद्र एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुक्त विश्वविद्यालय युवा पीढ़ी को कौशल विकास पर आधारित कार्यक्रमों में नामांकन के लिए प्रेरित करेगा।