Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
ऐरायां ब्लॉक में नेहरू युवा संगठन ने चलाया अभियान
FATEHPUR NEWS: फावा संगठन एवं वात्सल्य लखनऊ के सहयोग से नेहरू युवा संगठन टीसी, फतेहपुर द्वारा संचालित कैंसर जागरूकता अभियान के तहत ऐरायां विकास खंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो में आशा बहुओं के साथ एक व्यापक जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में स्वास्थ्य कार्यक्रम की समन्वयक अनीता वर्मा ने उपस्थित आशाओं को स्तन कैंसर, गर्भाशय (बच्चेदानी) कैंसर तथा मुख कैंसर के कारण, शुरुआती लक्षण, बचाव के उपाय और उपलब्ध उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किशोरियों/बालिकाओं के लिए उपलब्ध कैंसर-रोधी टीकाकरण बीमारी की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है, इसलिए इसे समय पर अवश्य लगवाया जाना चाहिए। अनीता वर्मा ने आशाओं से अपील की कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में महिलाओं और किशोरियों को समय-समय पर जागरूक करें, नियमित जांच के लिए प्रेरित करें, ताकि कैंसर के लक्षण प्रारंभिक चरण में ही पहचान कर इलाज शुरू किया जा सके। गोष्ठी में ऐरायां ब्लॉक की लगभग 40 आशा, आशा संगिनी, बीसीपीएम, एएनएम समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के तहत कैंसर जागरूकता कार्यक्रम खागा, अमाव, प्रेमनगर, अल्लीपुर भादर सहित कई गांवों में भी आयोजित किया गया। यहां सांप-सीढ़ी खेल के माध्यम से महिलाओं को मनोरंजक तरीके से बताया गया कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और सही जीवनशैली अपनाकर कैंसर सहित कई बीमारियों से बचाव संभव है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को ऐसी बीमारियों के प्रति सजग करना है, जिनकी प्रारंभिक पहचान जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।