Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
JAUNPUR NEWS: महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को मजबूत बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज 05 के तहत जौनपुर पुलिस ने सोमवार को व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। महिला पुलिस टीम ने शहर से लेकर गांव तक स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं से संवाद किया। इस दौरान पुलिस ने न केवल उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया, बल्कि आसपास संदिग्ध रूप से घूमने वालों को सख्त चेतावनी भी दी।
आपातकालीन स्थिति में काम आने वाले हेल्पलाइन नंबर बताए
महिला पुलिस टीम ने छात्राओं और महिलाओं से कहा कि संकट की घड़ी में तुरंत मदद पाने के लिए निम्न नंबरों को मोबाइल में सेव करें और बिना डर के उपयोग करें
1090 वूमेन पावर लाइन
112 पुलिस आपातकालीन सेवा,181 महिला हेल्पलाइन,1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन,1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन,1098 चाइल्ड लाइन,108/102 एम्बुलेंस एवं स्वास्थ्य सेवा
पुलिस ने क्या बताया
अभियान के दौरान छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी गई
गुड टच बैड टच: बच्चों और बालिकाओं को सुरक्षित असुरक्षित स्पर्श की पहचान कराई गई।
साइबर सुरक्षा: सोशल मीडिया पर बढ़ते अपराधों, फर्जी अकाउंट, ब्लैकमेलिंग और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए।
कानूनी अधिकार: घरेलू हिंसा, छेड़खानी, दहेज उत्पीड़न व अन्य महिला संबंधित अपराधों के खिलाफ उपलब्ध कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
सरकारी योजनाएं: महिलाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण के लिए चल रही विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया गया।
हर थाने में ‘मिशन शक्ति केंद्र’ सक्रिय
महिला पुलिस टीम ने बताया कि जिले के सभी थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित हैं, जहां महिलाएं बिना संकोच अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। यहां उन्हें तात्कालिक सहायता, परामर्श और त्वरित निस्तारण की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।