Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
कार्यकर्ताओं व जाति विशेष पर उत्पीड़न का आरोप
JHANSI NEWS: समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव पर दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव ने झांसी के एसएसपी को पत्र भेजा है। यह पत्र बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। वायरल पत्र में पूर्व सांसद डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव ने आरोप लगाया है कि मोठ थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे में गंभीर अनियमितताएँ हैं और मामले की प्रकृति संदिग्ध प्रतीत होती है। उन्होंने लिखा है कि मुकदमे की आड़ में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं, पूर्व विधायक के रिश्तेदारों तथा एक विशेष जाति के लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। पूर्व सांसद ने एसएसपी से मांग की है कि मुकदमे की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराई जाए ताकि सत्य सामने आ सके। साथ ही उन्होंने प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान न किया जाए और दबाव बनाने की नीयत से की जा रही कथित कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। डॉ. चंद्रपाल सिंह ने पत्र में कहा है कि पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव लंबे समय से जनसेवा में सक्रिय रहे हैं, इसलिए उनके खिलाफ दर्ज किया गया यह मुकदमा राजनीतिक विद्वेष का परिणाम प्रतीत होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एसएसपी मामले का संज्ञान लेकर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। सोशल मीडिया पर पत्र वायरल होने के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में इस घटना को लेकर चर्चाएँ तेज हैं, वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।