Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
JHANSI NEWS: झाँसी–ललितपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा ने लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान झाँसी एयरपोर्ट निर्माण की अपनी पूर्व मांग को फिर से जोर देकर उठाया। सांसद शर्मा ने सदन में कहा कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में किसी भी स्थान पर एयरपोर्ट न होने के कारण आम जनता को यात्रा में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सांसद ने उल्लेख किया कि प्रदेश और केंद्र सरकार द्वारा बुंदेलखंड में औद्योगिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट स्थापित किए जा रहे हैं। ऐसे में क्षेत्र में एक मजबूत एयर कनेक्टिविटी होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि झाँसी एयरपोर्ट बनने से न केवल औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। अनुराग शर्मा ने सरकार से आग्रह किया कि एयरपोर्ट निर्माण से संबंधित सभी लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि झाँसी एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में तीव्र प्रगति हो सके और बुंदेलखंड के विकास की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम साबित हो। सांसद ने यह भी कहा कि एयरपोर्ट क्षेत्रीय विकास का एक अहम स्तंभ बनेगा और बुंदेलखंड के समग्र विकास में बड़ी भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह विश्वास जताया कि सरकार उनके इस आग्रह पर ध्यान देगी और जल्द ही एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ हो सकेगी।