घायल युवक को थाने के गेट पर लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने किया हंगामा

हमलावरों की गिरफ्तारी की उठाई मांग, पांच दिन पहले हुई थी जमकर पिटाई
PRATAPGARH NEWS: सांगीपुर थाना क्षेत्र के लखनपुरसूर गांव में मारपीट की घटना के पांचवे दिन परिवार के लोगों ने घायल को थाने के सामने रोड पर चारपाई पर ले जाकर हंगामा काटा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मानमनौवल कर लोगों को शान्त कराया। इसके बाद घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। सांगीपुर थाना क्षेत्र के लखनपुरसूर निवासी अनन्त बहादुर पुत्र जगदीश रविवार को मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। मामले मे आरोपी प्रदीप यादव, रामकिशुन, अनुज यादव, सनी विश्वकर्मा, समेत आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इधर गुरूवार को घायल अनन्त बहादुर को सीटी स्कैन के लिए प्रयागराज मेडिकल कालेज ले जाया गया। यहां से परिवार के लोग जिला अस्पताल न जाकर वापस घर आ गये। शुक्रवार को सुबह करीब दस बजे परिवार व गांव के लोग घायल को चारपाई पर लादकर सांगीपुर थाना गेट पहुंच गये। ग्रामीणों ने गेट के सामने रोड पर चारपाई रख दी और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची सांगीपुर पुलिस ने समझा बुझाकर आधे घण्टे बाद सभी को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। इस दौरान आधे घंटे तक थाने के सामने रोड पर यातायात बाधित रहा। सांगीपुर थानाध्यक्ष राजेन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास पुलिस कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *