Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
निष्क्रिय खातों की 71 करोड़ 56 लाख रुपये की धनराशि लौटाने की प्रक्रिया तेज, लाभार्थियों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
FATEHPUR NEWS: भारत सरकार के महत्वाकांक्षी “आपकी पूँजी–आपका अधिकार” अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को विकास भवन स्थित सभागार में व्यापक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न बैंकों, बीमा कंपनियों, म्यूचुअल फंड संस्थाओं, एनबीएफसी और अन्य वित्तीय संस्थानों के अधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिविर का मुख्य उद्देश्य वर्षों से निष्क्रिय पड़े बैंक खाते, बीमा दावे, म्यूचुअल फंड यूनिट्स, पीएफ और अन्य वित्तीय परिसंपत्तियों की पहचान कर वास्तविक लाभार्थियों को उनकी पूंजी वापस दिलाना था। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक जहानाबाद राजेंद्र सिंह पटेल, विशिष्ट अतिथि जिला विकास अधिकारी साधना दीक्षित, उपयुक्त स्व–रोजगार मुकेश कुमार तथा जिला उद्यान अधिकारी रमेश पाठक द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अपने संबोधन में विधायक ने बताया कि जनपद में इस अभियान के तहत अब तक 2,01,452 खातों में जमा कुल 71 करोड़ 56 लाख रुपये को उनके वैध दावेदारों को लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह केवल योजना नहीं, बल्कि नागरिकों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास है, क्योंकि अनजान होने के कारण कई परिवार वर्षों तक अपनी ही जमा पूंजी प्राप्त नहीं कर पाते। शिविर का संचालन करते हुए एलडीएम गोपाल कृष्णा ने बताया कि आज आयोजित विशेष शिविर में लगभग 129 निष्क्रिय खातों को पुनर्जीवित करते हुए करीब 1.95 करोड़ रुपये उनके वास्तविक दावेदारों को वापस कराने की प्रक्रिया चल रही है। इससे लाभान्वित लोगों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।