कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल स्व.कमलाकांत दुबे के घर पहुंचा और व्यक्त की संवेदनाएं

फोटो-संवेदना व्यक्त करते कांग्रेसी

पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए का आर्थिक सहायता व सुरक्षा की मांग सरकार से की
FATEHPUR NEWS: जिला कांग्रेस कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में स्व.कमलाकांत दुबे के धसकरी स्थित आवास पर पहुंचा। परिवार से भेंटकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की और न्याय की लड़ाई में साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी और प्रभारी कोऑर्डिनेटर दयाशंकर पांडेय ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय राय से दिल्ली से स्व.दुबे के पुत्र विवेक दुबे व विजय दुबे की टेलीफोनिक वार्ता कराई। अजय राय ने अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वे जल्द ही पीड़ित परिवार से मिलने भदोही पहुंचेंगे और इस न्याय की लड़ाई को पूरी मजबूती से लड़ा जाएगा। परिवार से मिलने के बाद प्रतिनिधिमंडल एसपी कार्यालय ज्ञानपुर पहुंचा। एसपी के उपलब्ध न रहने पर उनसे टेलीफोनिक वार्ता की गई और उन्हें पूरी घटना से अवगत कराया। इसके बाद एक मांग पत्र एसपी कार्यालय में सौंपा गया। मांग पत्र में हत्या में शामिल सभी अपराधियों की तत्काल पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने, पीड़ित परिवार को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करने और घटना की तेज, तकनीकी एवं प्रभावी जांच कर अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है। प्रभारी कोऑर्डिनेटर दयाशंकर पांडेय ने कमलाकांत दुबे की हत्या को घोर निंदनीय बताया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी की ओर से पीड़ित परिवार के लिए एक करोड़ रुपये के मुआवजे, तत्काल सुरक्षा और अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रहने और अपराधों, विशेषकर ब्राह्मण समाज पर अत्याचार बढ़ने का आरोप लगाया। कांग्रेस पार्टी ने इस अन्याय के खिलाफ सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष करने का संकल्प लिया। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र दुबे राजन, शिवपूजन मिश्र, राजेश्वर दुबे, सुरेश गौतम, त्रिलोकीनाथ बिंद, सुबुक्तगीन अंसारी, शमशीर अहमद, जिला दुबे, नाजिम अली, शक्ति मिश्र, उपेंद्र कुमार भारती, राकेश मिश्रा, सुधांशु पांडेय, राजनाथ यादव, रामविलास पटेल, अजीत पटेल, प्रभात पाल सहित कई प्रमुख सदस्य शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *