ऊंचाहार अमेठी रेल लाइन परियोजना को लेकर संसद में प्रमोद ने दागा सवाल

राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता ने प्रतापगढ़ के भी कई गांवो के लिए रेल सेवा प्रारम्भ कराने को लेकर केन्द्र सरकार से निर्देश पर दिया जोर
PRATAPGARH NEWS: ऊंचाहार अमेठी रेल लाइन परियोजना को पूरा कराए जाने को लेकर संसद में राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी की मजबूती से आवाज गूंजी है। जिले के सांगीपुर-अठेहा क्षेत्र के भी कई गांवों को जोडने वाली इस नई रेल लाइन परियोजना के अब पूरा होने की आस जगी है। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने तत्कालीन यूपीए सरकार द्वारा स्वीकृति हुई ऊंचाहार अमेठी रेल लाइन परियोजना को पूरा कराए जाने को लेकर शुक्रवार की देर शाम गंभीर सवाल उठाया है। उन्होने कहा कि ऊंचाहार अमेठी रेल लाइन पड़ोसी रायबरेली और अमेठी के साथ प्रतापगढ़ जिले के अठेहा क्षेत्र को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण रेलवे परियोजना है। यह रेल मार्ग लगभग 67.17 किलोमीटर लम्बी प्रस्तावित है। सांसद प्रमोद तिवारी ने सरकार से कहा कि इस रेल परियोजना का उददेश्य रायबरेली, अमेठी और प्रतापगढ़ जिले के इक्यासी गांवों को जोड़ना है। उन्होने सरकार को बताया कि इस रेल लाइन पर इन जिलों के सात रेलवे स्टेशन भी प्रस्तावित हैं। सांसद प्रमोद तिवारी ने सदन में कहा कि ऊंचाहार अमेठी नई रेल लाइन परियोजना के अर्न्तगत सर्वे, भूमि चिन्हांकन तथा भूमि अधिग्रहण जैसे महत्वपूर्ण कार्य वर्षो पूर्व पूर्ण किये जा चुके हैं। उन्होने कहा कि परियोजना के प्रारंभिक चरण में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य भी प्रारम्भ किया गया था। उन्होने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि सोनिया गांधी की पहल पर इस नई रेल लाइन परियोजना को लेकर विगत कई वर्षो से निर्माण की प्रगति अत्यन्त धीमी है। उन्होने कहा कि इससे यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि कार्यान्वयन स्तर पर गंभीर प्रशासनिक और तकनीकी कमियां विद्यमान होने से यह महत्वपूर्ण परियोजना पूरी नही हो पा रही है। उन्होने केन्द्र सरकार से कहा कि स्वीकृत धनराशि के समयबद्ध उपयोग में शिथिलता तथा निर्माण एजेन्सी ठेकेदार द्वारा कार्य निष्पादन में अनावश्यक विलम्ब से एक नई रेल लाइन परियोजना अधर में लटकी हुई है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने अपने वक्तव्य में परियोजना की नियमित मानीटरिंग एवं समीक्षा के अभाव पर भी सरकार का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होने सरकार का ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण पूर्ण होने के बावजूद निर्माण कार्य मे अपेक्षित गति न होने व स्थानीय स्तर पर समन्वय एवं उत्तरदायित्व तय न होने से परियोजना को पूरा नही किया जा रहा है। सांसद प्रमोद तिवारी ने सदन के माध्यम से केन्द्र सरकार से यह प्रभावी आग्रह किया है कि इस परियोजना की उच्च स्तरीय जांच कराकर एजेन्सियों की जबाबदेही सुनिश्चित हो। वही उन्होने सरकार के द्वारा स्पष्ट निर्देश प्रदान करते हुए इस रेल लाइन का निर्माण पूरा कराते हुए अविलम्ब रेल सेवा प्रारम्भ कराए जाने पर जोर दिया है। संसद में उपनेता प्रमोद तिवारी के वक्तव्य को लेकर प्रतापगढ़ जिले के लिए एक नई रेल लाइन परियोजना की सौगात जल्द पूर्ण होने की आस जगी है। राज्यसभा में सांसद प्रमोद तिवारी के द्वारा रेल परियोजना को लेकर दिये गये वक्तव्य की जानकारी शनिवार को यहां मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल के हवाले से जारी विज्ञप्ति में दी गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *