Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
तीन प्रमुख स्थलों पर एक साथ संपन्न हुआ सामूहिक विवाह समारोह
FATEHPUR NEWS: मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह के कुशल मार्गदर्शन में जनपद फतेहपुर के विभिन्न स्थलों पर सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। जिले के तीन प्रमुख स्थलों— विधानसभा क्षेत्र खागा के ग्राम सधुवापुर (मजरा पौली) स्थित प्लांट मैदान, सदर विधानसभा क्षेत्र के द रॉयल गार्डन मैरिज हॉल हसवा मोड़ तथा भिटौरा विकास खंड के अनु श्री मैरिज लॉन, जगतपुर आदिल में कार्यक्रम सकुशल संपन्न हुआ।
सामूहिक विवाह समारोह में विकास खंड धाता में 84, विजयीपुर में 72, हसवा में 53, भिटौरा में 112 जोड़े, नगर पंचायत खागा में 37, किशनपुर में 1, कारीकान (धाता) में 14 तथा खखरेरू नगर पंचायत में 12 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से कराया गया। इस प्रकार कुल 385 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और शासन द्वारा प्रदत्त वैवाहिक सामग्री वितरित की। प्रत्येक जोड़े को वधु एवं वर के लिए वस्त्र, आभूषण, घरेलू उपयोग की सामग्री, बिस्तर, बर्तन, विद्युत उपकरण, मिठाई एवं ड्राई फ्रूट सहित संपूर्ण गृहस्थी का सामान प्रदान किया गया। समारोह स्थलों पर विधायक, ब्लॉक प्रमुख, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला व तहसील स्तरीय अधिकारी तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। सभी नवदंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। वक्ताओं ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिल रहा है और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मान के साथ बेटियों का विवाह संपन्न कराने का अवसर मिल रहा है। संपूर्ण आयोजन में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, समाज कल्याण विभाग एवं संबंधित विकास खंडों के कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखद, सफल एवं खुशहाल दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।