Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
सभी नवदंपति को ब्लॉक प्रमुख ने दिया आशीर्वाद
FATEHPUR NEWS: हसवा विकास खंड क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे स्थित द रॉयल गार्डन परिसर में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे हुई, जिसमें कुल 57 जोड़ों का पंजीकरण किया गया। इनमें से 51 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन में प्रवेश किया। आयोजन स्थल को पारंपरिक ढंग से सजाया गया था। ढोल-नगाड़ों और मंगलगीतों के बीच 21 आचार्यों ने विवाह की समस्त रस्में विधिवत संपन्न कराईं। सुबह से ही वर-वधुओं और उनके परिजनों में उत्साह और चहल-पहल बनी रही। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख विकास पासवान एवं खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अशोक कुमार सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मान के साथ बेटियों का विवाह संपन्न कराने का अवसर मिलता है और दहेज जैसी कुरीतियों पर भी अंकुश लगता है। उन्होंने नवदंपतियों से परस्पर विश्वास, प्रेम और सहयोग के साथ जीवन पथ पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। समारोह के दौरान थरियांव थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह एवं हसवा चौकी इंचार्ज अरुण मौर्य ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। आयोजन समिति की ओर से नवदंपतियों को गृहस्थी का सामान भेंट किया गया। विवाह उपरांत सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर एडीओ पंचायत कौशलेन्द्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश यादव, नोडल प्रभारी/उप कृषि निदेशक सत्येंद्र सिंह, तहसीलदार लक्ष्मी बाजपेई, एपीओ नितिन श्रीवास्तव, समाज कल्याण अधिकारी ललित कुमार, आईएसबी धर्मपाल सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।