Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
SIDHARTHNAGAR NEWS: बस्ती मंडल के शिक्षणेत्तर कर्मचारी महासंघ द्वारा शनिवार को गांधी आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज, बढ़नी परिसर में मंडलीय सम्मेलन एवं शिक्षणेत्तर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और प्रतिनिधियों ने सहभागिता की, जहां उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कर्मियों को सम्मानित किया गया और उनकी समस्याओं व अधिकारों पर गंभीर मंथन हुआ। सम्मेलन के मुख्य अतिथि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) सोहन लाल श्रीमाली ने कहा कि शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की मांगें पूरी तरह न्यायसंगत हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर प्रभावी पैरवी की जाएगी। शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शिक्षण संस्थानों में बेहतर शैक्षणिक गुणवत्ता और सुचारु प्रबंधन के लिए सभी घटकों के बीच समन्वय आवश्यक है। उन्होंने बाहरी हस्तक्षेप को अनुचित बताते हुए गांधी आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज बढ़नी में एकल व्यवस्था को गलत ठहराया और संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराने की बात कही। कार्यक्रम से पूर्व महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विजय द्विवेदी, आलोक चौहान, रामचंद्र श्रीवास्तव, बृजेश वर्मा, अवधेश मिश्र, दिलीप पांडेय सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों और चेयरमैन सुनील अग्रहरी का शाल, माला, बैज और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। सम्मेलन में वक्ताओं ने संगठन की एकजुटता, कर्मियों के हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष पर बल दिया।
सम्मान समारोह के दौरान जितेंद्र पाठक, बलवंत सिंह, इंद्र कुमार पांडेय (जिलाध्यक्ष), सत्यप्रकाश श्रीवास्तव, गजेंद्र नाथ यादव, प्रिंसिपल विजय वर्मा, उदय प्रकाश मौर्य सहित प्रदेश भर से आए अनेक शिक्षणेत्तर कर्मियों को शाल व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं जीएवी इंटर कॉलेज की राष्ट्रीय टीम के लिए चयनित महिला खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षक को भी राज्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।