आयुष्मान आरोग्य मेले का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

FATEHPUR NEWS: जनपद फतेहपुर में आयोजित आयुष्मान आरोग्य मेलों का रविवार को स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने निरीक्षण किया। डायरेक्टर हेल्थ (स्टेट मेला प्रभारी) डा० संजू अग्रवाल एवं ऐडिशनल डायरेक्टर (नोडल एनसीडी प्रोग्राम) डा० अलका शर्मा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज एवं तेलियानी में लगे मेलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज में 30 तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेलियानी में 33 मरीज उपस्थित पाए गए। इस मौके पर गोपालगंज के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा० बृजेश कुमार एवं तेलियानी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा० अतुल श्रीवास्तव मौजूद रहे। अधिकारियों ने मेले के प्रचार-प्रसार को और तेज करने के निर्देश दिए तथा प्रत्येक आशा कार्यकर्ता को कम से कम पांच मरीजों को मेले में लाने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान औषधि वितरण कक्ष, कोल्ड चेन प्वाइंट एवं लेबर रूम का भी अवलोकन किया गया। इस दौरान गोपालगंज में दो और तेलियानी में एक प्रसूता भर्ती मिलीं, जिनसे बातचीत की गई। प्रसूताओं ने अस्पताल की सुविधाओं पर संतोष जताया। अधिकारियों ने सभी नवजात शिशुओं को हेपेटाइटिस-बी, विटामिन-के एवं बीसीजी का टीकाकरण शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही एनसीडी कार्यक्रम के तहत 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी मरीजों की बीपी एवं शुगर जांच करने तथा इसके लिए अलग काउंटर बनाने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में कुछ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर संबंधित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *