मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक

महिला सशक्तिकरण को मिल रहा मजबूत बल
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज–5.0” अभियान के अंतर्गत जनपद फतेहपुर में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एण्टी रोमियो टीम द्वारा प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। इस दौरान एण्टी रोमियो टीम द्वारा शासन एवं पुलिस विभाग की ओर से महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल रहीं। साथ ही महिलाओं की सहायता हेतु उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 (इमरजेंसी कॉल एवं पैनिक बटन का मोबाइल पर डेमो), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। टीम द्वारा पंपलेट वितरित कर इन सेवाओं के उपयोग की जानकारी दी गई। पुलिस प्रशासन ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुविधा, उत्पीड़न या आपात स्थिति में बिना संकोच इन हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से जनपद में महिलाओं के प्रति जागरूकता एवं सुरक्षा का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *