खाद की ओवररेटिंग और गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई, दो विक्रेताओं का लाइसेंस निरस्त

जिलाधिकारी के निरीक्षण में वितरण रजिस्टर में गंभीर अनियमितताएं उजागर, दुकानें सील

SIDHARTHNAGAR NEWS: (ओज़ैर खान) जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने रविवार को काज़ी रूधौली स्थित मिश्रा बिल्डिंग मैटेरियल एवं शुक्ला सीमेंट खाद विक्रेता की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद का भौतिक स्टॉक, वितरण रजिस्टर और बिक्री से संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से फोन पर बातचीत कर खाद वितरण की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। किसानों ने बातचीत में ओवररेटिंग की शिकायत दर्ज कराई। साथ ही यह भी सामने आया कि वितरण रजिस्टर में किसानों के मोबाइल नंबर गलत दर्ज किए गए थे और खरीदी गई उर्वरक की मात्रा वास्तविक से अधिक दर्शाई गई थी। निरीक्षण में पाई गई गंभीर अनियमितताओं पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। मामले को किसानों के हितों से जुड़ा बताते हुए मिश्रा बिल्डिंग मैटेरियल, काज़ी रूधौली एवं शुक्ला सीमेंट खाद विक्रेता, काज़ी रूधौली का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त करने और दुकानों को सील करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी मु. मुज्जामिल द्वारा मौके पर पहुंचकर दोनों खाद विक्रेताओं की दुकानों को सील करा दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *