Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
अगली लड़ाई में संपूर्ण कार्य बहिष्कार का ऐलान
FATEHPUR NEWS: ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली सहित मूल विभागीय दायित्वों के अतिरिक्त अन्य विभागों के कार्यों के विरोध में चल रहे प्रदेशव्यापी सांकेतिक शांतिपूर्ण सत्याग्रह के क्रम में सोमवार को ग्राम विकास अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत सचिवों ने अपने-अपने डोंगल व डीएससी जमा कर दिए। मांगें न माने जाने से आक्रोशित कर्मचारियों ने आगे संपूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। आंदोलन के तहत पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग के सचिवों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। सहायक समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र सिंह के माध्यम से शासन को ज्ञापन सौंपा गया। हथगाम में ग्राम विकास अधिकारी संघ अध्यक्ष विद्या भूषण एवं पंचायत अधिकारी संघ अध्यक्ष अवधेश जायसवाल के नेतृत्व में डोंगल वापस करते हुए मांगों से अवगत कराया गया। प्रदेश अध्यक्ष डा. प्रदीप सिंह (उ.प्र. ग्राम पंचायत अधिकारी संघ) एवं चंद्र पांडेय (ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन) के निर्देश पर हथगाम, ऐरायां, धाता व विजयीपुर विकास खंडों में सचिवों ने काली पट्टी बांधकर ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली व गैर-विभागीय कार्यों का विरोध किया। कर्मचारियों का कहना है कि फेशियल रिकॉग्निशन आधारित अटेंडेंस सिस्टम को बिना अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए निजी मोबाइल व सिम से लागू करना क्षेत्रीय कार्य प्रकृति के विपरीत है, जिससे भय व रोष व्याप्त है। सचिवों ने बताया कि उन पर फार्मर रजिस्ट्री, एग्रो स्टैक सर्वे, गौशाला प्रबंधन, आयुष्मान कार्ड, फैमिली आईडी, पेंशन सत्यापन, शिक्षा विभागीय ड्यूटी, पराली प्रबंधन, सोलर पैनल लक्ष्य जैसे अनेक गैर-विभागीय कार्यों का दबाव है, जिससे स्वास्थ्य व दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ रहा है। 10 दिसंबर से सचिव निजी वाहनों से कार्य कर रहे थे और सोमवार को सभी ने डोंगल विकास खंडों में जमा कर दिए।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं हुआ तो प्रदेशभर के सचिव अनवरत धरना व संपूर्ण कार्य बहिष्कार के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। हथगाम में सचिव संगठन मंत्री आकाश साहू सहित बड़ी संख्या में सचिव उपस्थित रहे। ऐरायां में एडीओ आईएसबी उदयभान सिंह ने ज्ञापन लिया, वहीं विजयीपुर में भी सचिवों ने ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज कराया।