Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
FATEHPUR NEWS: जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों को संज्ञान में लेते हुए मौके पर ही संबंधित थाना प्रभारियों एवं शाखा अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, साइबर अपराध सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं। पुलिस अधीक्षक ने कई मामलों में तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, वहीं कुछ मामलों में राजस्व व अन्य विभागों से समन्वय कर समाधान करने को कहा। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान ही पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी दी जाए. जनसुनवाई में संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा नियमित रूप से आयोजित की जा रही जनसुनवाई को फरियादियों ने सराहा और इसे आम जनता के लिए राहतकारी पहल बताया।