Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
FATEHPUR NEWS: थाना हुसैनगंज क्षेत्र निवासी झुमका रजपाल उर्फ ननका पुत्र रामजियावन ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि दबंगों द्वारा उनके खेत में खड़ी फसल को नष्ट कर जेसीबी से रातों-रात मिट्टी चोरी कर ली गई। पीड़ित के अनुसार उनकी भूमिधरी भूमि हुसैनगंज–सात मिल मार्ग बहबलपुर स्थित गाटा संख्या 322, जय हनुमान फिलिंग स्टेशन के सामने स्थित है। शिकायत में बताया गया कि 18 सितंबर 2025 से 22 सितंबर 2025 के बीच रात्रि में कमल पुत्र रामचंद्र निवासी सात मिल द्वारा अपनी जेसीबी संख्या यूपी 71 एटी 2559 एवं ट्रैक्टरों के माध्यम से खेत से लगभग तीन फीट गहराई तक करीब 300 ट्रॉली मिट्टी निकाल ली गई, जिससे सरसों की खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। पीड़ित ने बताया कि इस घटना की सूचना उन्होंने 23 सितंबर 2025 को थाना अध्यक्ष हुसैनगंज को दी थी, जिस पर दो दिन के भीतर मिट्टी भराई व फसल क्षतिपूर्ति का समझौता कराया गया था, लेकिन आरोपियों द्वारा आज तक न तो मिट्टी भराई की गई और न ही फसल का हर्जाना दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि जब उनके पुत्र ने आरोपी से फोन पर बात की तो आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि “तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे, पुलिस, हाईकोर्ट और खनन विभाग सब मेरी जेब में हैं।” साथ ही यह भी कहा कि उनकी जेसीबी एक सप्ताह से अधिक बंद नहीं रह पाएगी। पीड़ित ने इसकी सूचना पुनः थाना अध्यक्ष को दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित का कहना है कि आरोपी के हौसले बुलंद हैं और वह लगातार धमकी दे रहा है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि आरोपी से मिट्टी एवं फसल का उचित मुआवजा दिलाया जाए, साथ ही उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।