Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
सैकड़ों वाहनों में लगाए गए निःशुल्क रेडियम रिफ्लेक्टर
FATEHPUR NEWS: त्रिवेणी संगम हाईवे पर कोहरे के मौसम में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जागरूकता अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव, पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अनूप कुमार सिंह तथा त्रिवेणी संगम हाईवे प्राइवेट लिमिटेड प्रबंधन के मार्गदर्शन में कटोंघन टोल प्लाजा पर सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा से संबंधित पेम्फलेट वितरित किए गए। साथ ही कोहरे में दृश्यता बढ़ाने के लिए वाहनों में निःशुल्क थ्री-एम रेडियम/लाल रिफ्लेक्टर स्टिकर लगाए गए। अधिकारियों ने खास तौर पर युवाओं द्वारा हेलमेट न पहनने की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए यातायात नियमों के पालन की अपील की। इस अवसर पर सुरक्षा अधिकारी फैय्याज आलम ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी आनी चाहिए, लेकिन इसके विपरीत दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि परिवार के अभिभावक बचपन से ही बच्चों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक करें तो भविष्य में सड़कें अधिक सुरक्षित बन सकती हैं। वरिष्ठ सीएसआर एवं सेफ्टी मैनेजर फिरोज खान ने बताया कि शीत ऋतु में कोहरे के कारण दिन और रात दोनों समय दृश्यता कम हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। यदि वाहनों के पीछे फॉग लाइट या लाल रेडियम रिफ्लेक्टर लगे हों तो पीछे से आने वाले वाहन चालक को वाहन दूर से ही दिखाई देने लगता है, जिससे टक्कर की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन न केवल दुर्घटना को न्योता देता है, बल्कि यह “यमराज से मुलाकात” का कारण भी बन सकता है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में वाहन चालक एवं आमजन उपस्थित रहे और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का संकल्प लिया।