महिला पतंजलि योग समिति द्वारा निःशुल्क योग कक्षा का शुभारंभ

PRATAPGARH NEWS: महिला पतंजलि योग समिति प्रतापगढ़ विभाग के तत्वावधान में दिलीपपुर क्षेत्र स्थित पंडित जगदीश ज्योतिषी विद्या मंदिर में निःशुल्क योग कक्षा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला महिला पतंजलि प्रभारी वंदना मिश्रा ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर विधिवत रूप से किया। इस अवसर पर क्षेत्र की महिलाओं एवं योग प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक दायित्वों का भी निर्धारण किया गया। दिलीपपुर क्षेत्र प्रमुख का दायित्व तहसील प्रभारी सदर कोमल मिश्रा को सौंपा गया, जबकि सहायक शिक्षिका का दायित्व सुनीता मिश्रा को दिया गया। अपने संबोधन में श्रीमती वंदना मिश्रा ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से व्यक्ति निरोगी रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन कम से कम एक घंटे योग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन सिद्धार्थ इंटरमीडिएट कॉलेज, पूर्वी सहोदरपुर की डायरेक्टर ऋचा सिंह द्वारा किया गया। पतंजलि मीडिया प्रभारी शालिनी जायसवाल ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन सहित कई महत्वपूर्ण योगासनों की जानकारी दी और उनके सही अभ्यास के तरीकों को समझाया। कार्यक्रम की पूर्णता वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन कराकर की गई। इस अवसर पर पूर्वी सहोदरपुर क्षेत्र प्रमुख लक्ष्मी, नीलम शुक्ला, सिया, कशिश, अभिलाषा मिश्रा, मनोरमा सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं और योग कक्षा को नियमित रूप से संचालित करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *