Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
इंडियन रेडक्रास सोसाइटी ने भक्तिभाव से मनाया विजय दिवस
FATEHPUR NEWS: “जिसको न निज गौरव निज देश का अभिमान हो, वह नर नहीं नर पशु और निरा और मृतक समान है।” इसी राष्ट्रभावना को हृदय में रखकर मंगलवार को विजय दिवस के अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के संयोजकत्व में सुभाष चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व रेडक्रॉस चेयरमैन डॉ अनुराग श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर रेडक्रॉस के आजीवन सदस्य एकत्रित हुए और महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कैंडल जलाकर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्साधिकारी फतेहपुर डॉ राजीव नयन गिरि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ राजीव नयन गिरि एवं रेडक्रॉस चेयरमैन डॉ अनुराग श्रीवास्तव द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके पश्चात उपस्थित सभी सदस्यों ने पुष्पांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ राजीव नयन गिरि ने कहा कि विजय दिवस हम सभी के लिए गर्व का विषय है और ऐसी ऐतिहासिक तिथियों को सदैव स्मरण रखना चाहिए। वहीं डॉ अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि 16 दिसंबर 1971 को भारत ने पाकिस्तान पर ऐतिहासिक विजय प्राप्त की थी, जिसके बाद 93 हजार पाकिस्तानी सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया था। इसी गौरवशाली जीत की स्मृति में विजय दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने भारत जिंदाबाद, भारत माता की जय, सुभाष चंद्र बोस अमर रहें, महात्मा गांधी अमर रहें और लाल बहादुर शास्त्री अमर रहें के नारे लगाकर वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। इस अवसर पर आजीवन सदस्य रीता सिंह तोमर, वेदप्रकाश गुप्त, सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, सुरेश कुमार श्रीवास्तव, रामप्रकाश मौर्य, अभिनव श्रीवास्तव, चैतन्य कुमार, प्रेमचंद्र मौर्य, अभिषेक कुमार, के.के. सिंह, बृजकिशोर, कौशल श्रीवास्तव, गोरेलाल, विनय कुमार गुप्ता, राजेश राजन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।