Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
सभी थानों की एंटीरोमियो व मिशन शक्ति टीमों ने संभाली कमान
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज–5.0 अभियान के अंतर्गत जनपद फतेहपुर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में मंगलवार को जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एंटीरोमियो टीम द्वारा संचालित किया गया। अभियान के तहत प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। इस दौरान टीमों द्वारा शासन एवं पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सुरक्षा के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही महिलाओं की सहायता के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। टीमों द्वारा वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताते हुए पंपलेट वितरित किए गए। मोबाइल में पैनिक बटन और इमरजेंसी कॉल की प्रक्रिया का डेमो भी दिखाया गया।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच सहायता प्राप्त कर सकें। अभियान को लेकर महिलाओं में सकारात्मक उत्साह देखने को मिला।