नकहा के स्कूलों में डीएम का ‘रियलिटी चेक’ कहीं गंदगी पर फटकार, कहीं मेहनत पर तालियां

कॉपियां पलटीं, सवाल पूछे…गंदगी देख सख्त हुईं डीएम
LAKHIMPUR KHERI NEWS: मंगलवार को मंगलवार को विकास क्षेत्र नकहा के परिषदीय विद्यालयों में उस वक्त खलबली मच गई, जब डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल अचानक निरीक्षण पर पहुंच गईं। डीएम ने यूपीएस धोबहा, यूपीएस अमृतागंज, पीएस अमृतापुर और पीएस अमृतागंज में पढ़ाई से लेकर परीक्षा, मिड-डे मील, साफ-सफाई और अनुशासन तक हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की। निरीक्षण में डीपीआरओ विशाल सिंह, बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी और डीपीओ भारत प्रसाद भी साथ रहे। निरीक्षण के दौरान यूपीएस धोबहा में गणित की अर्धवार्षिक परीक्षा चल रही थी। डीएम ने बच्चों की उत्तर पुस्तिकाएं देखीं, शैक्षिक स्तर परखा और एमडीएम की गुणवत्ता जांची। लेकिन फर्श की गंदगी, महीनों से न लगी झाड़ू और टूटी टोटियां देखकर डीएम नाराज हो गईं। लापरवाही पर प्रधानाध्यापिका सुमनलता को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए।
एक शिक्षक, पूरी व्यवस्था-डीएम ने थपथपाई पीठ
इसके बाद यूपीएस अमृतागंज में कला परीक्षा के दौरान बच्चों को प्लेन पेपर पर हुनर उकेरते देखा। 209 नामांकन के सापेक्ष 195 बच्चों की मौजूदगी और बेहतर अधिगम स्तर देख डीएम संतुष्ट दिखीं। एकमात्र शिक्षक संतोष कुमार वर्मा द्वारा स्कूल को सलीके से संचालित करने पर डीएम ने बीएसए को प्रशंसा पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
दाल में पोषण, पढ़ाई में कसावट का संदेश
पीएस अमृतापुर में मध्यान भोजन की दाल परखी गई। डीएम ने पोषण बढ़ाने के लिए दाल में बथुआ डालने के निर्देश दिए और बच्चों की पढ़ाई जांची। पीएस अमृतागंज में बच्चे भोजन करते मिले। डीएम ने बच्चों को स्नेह दिया, भोजन वितरण की जानकारी ली और गणित की कॉपियां देखीं। डीएम ने छात्र रवि को बुलाकर जोड़-घटाना, गुणा और भाग के सवाल पूछे। डीएम ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि कमजोर अधिगम स्तर वाले बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *