ग्राम प्रधान पर हाई टेंशन करंट से मवेशियों व वन्यजीवों की मौत का आरोप, ग्रामीणों में दहशत

JHANSI NEWS: जनपद के फतेहपुर स्टेट गांव में दबंग ग्राम प्रधान द्वारा अवैध रूप से खेतों के चारों ओर हाई टेंशन करंट युक्त तार लगाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान लीलाधर पुत्र चतुरे, पूर्व प्रधान देवेंद्र सिंह उर्फ बब्बू राजा पुत्र नारायण सिंह परिहार की शह पर अपने खेतों के आसपास हाई वोल्टेज तार लगवाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार इन करंट युक्त तारों की चपेट में आकर अब तक जंगली सुअर, नीलगाय, राष्ट्रीय पक्षी मोर सहित कई वन्यजीवों और मवेशियों की मौत हो चुकी है। इससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग अपने ही खेतों पर जाने से डर रहे हैं। ताजा मामला गांव के पास स्थित मौजा धमधौली का बताया जा रहा है, जहां खेतों में बिछाई गई हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से ग्राम समाज के एक पशु की दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि यह अवैध तार सज्जन परिहार, रज्जन पुत्रगण देवेंद्र सिंह सहित अन्य लोगों द्वारा लगाए गए हैं। ग्रामीणों व खेत मालिकों का कहना है कि उन्होंने कई बार इन करंट युक्त तारों को हटाने की मांग की, लेकिन आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और उनका आपराधिक रिकॉर्ड भी बताया जा रहा है। आरोप है कि ये लोग धमकी देते हैं कि जो भी खेतों के पास जाएगा, उसे करंट लगाकर जान से मार देंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि तत्काल मौके पर पहुंचकर हाई टेंशन लाइन हटवाई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी निर्दोष की जान न जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *