Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, उत्पीड़न एवं अन्य लंबित मामलों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष जांच के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पीड़ितों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता, निष्पक्षता और तत्परता बरती जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई आवश्यक है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कदम उठाए जाएं और शिकायतकर्ताओं को प्रगति से अवगत कराया जाए। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनसुनवाई के माध्यम से आमजन एवं पुलिस के बीच विश्वास को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक फरियादी की शिकायत पर गंभीरतापूर्वक कार्रवाई होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जनसुनवाई में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्राप्त शिकायतों का नियमित अनुश्रवण करें तथा निस्तारण की रिपोर्ट समय से प्रस्तुत करें, जिससे जनसुनवाई का उद्देश्य पूर्ण रूप से साकार हो सके।