Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: जनपद में पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण एवं उनके सम्मान के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में पेंशनर दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अविनाश त्रिपाठी ने की, जबकि आयोजन का समन्वय वरिष्ठ कोषाधिकारी योगेश कुमार पांडेय द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न पेंशनर संघों के पदाधिकारी, समस्त विभागों के पेंशनर एवं कार्यालयाध्यक्षों ने सहभागिता की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अविनाश त्रिपाठी द्वारा वरिष्ठ सिविल पेंशनर राम राज वर्मा, बेसिक शिक्षा विभाग के वरिष्ठ पेंशनर अनंत कुमार तिवारी एवं श्याम सुंदर शुक्ला को शाल एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही पेंशनर संघों के अध्यक्ष काली शंकर श्रीवास्तव एवं रशीद अहमद को भी माला पहनाकर सम्मान प्रदान किया गया। पेंशनर दिवस के दौरान पेंशनरों द्वारा उठाए गए विभिन्न बिंदुओं एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से बेसिक शिक्षा पेंशनर संघ के अध्यक्ष रशीद अहमद ने राज्य कर्मचारियों की भांति पेंशनरों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति का लाभ दिए जाने एवं छठे वेतन आयोग के बकाया भुगतान की मांग रखी। वहीं सिविल पेंशनर संघ के अध्यक्ष काली शंकर श्रीवास्तव ने पेंशनरों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार किए जाने तथा विभागों में चिकित्सा प्रतिपूर्ति के प्रकरणों को त्वरित रूप से स्वीकृत किए जाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चिकित्सा प्रतिपूर्ति के मामलों में अत्यधिक विलंब हो रहा है, जिससे पेंशनरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पेंशनरों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तथा कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड भी बनाए गए। समापन अवसर पर पेंशनरों ने कोषागार कार्यालय के कार्यों एवं कर्मचारियों के व्यवहार की सराहना की। इस मौके पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य जिला एवं प्रशिक्षण संस्थान, जिला कार्यक्रम अधिकारी, वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा एवं समस्त कोषागार कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।