लोकतंत्र पर खतरा, कांग्रेस ने किया संघर्ष तेज करने का ऐलान

कांग्रेस की महारैली से हिली दिल्ली: महेश द्विवेदी
FATEHPUR NEWS: दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की महारैली को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। महारैली से लौटे कांग्रेस जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी, शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा, उपाध्यक्ष कलीम उल्लाह तथा पार्टी प्रवक्ता इंजीनियर देवी प्रकाश दुबे ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस की विचारधारा पर गंभीर सवाल खड़े किए। दिल्ली महारैली से जनपद लौटे कांग्रेस नेताओं के अनुसार राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि अंडमान-निकोबार में आयोजित भाजपा के एक कार्यक्रम के दौरान आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत द्वारा दिया गया बयान “हमें सत्य नहीं, शक्ति चाहिए” यह दर्शाता है कि भाजपा और आरएसएस का जनता के दुख-दर्द और वास्तविक जरूरतों से कोई सरोकार नहीं है। उनका उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना और उसे बनाए रखना है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि रामलीला मैदान और उसके बाहर सड़कों पर उमड़ा विशाल जनसैलाब यह संकेत देता है कि देश की जनता भाजपा की नीतियों और कार्यशैली से ऊब चुकी है तथा उससे मुक्ति चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार जैसे राज्यों में छल-बल और सरकारी तंत्र के दुरुपयोग से सरकारें बनाई गईं, जिससे जनता के मत का मूल्य समाप्त होता जा रहा है। संयुक्त बयान में यह भी कहा गया कि आज मशीनें, सरकारी व्यवस्था और चुनाव आयोग तक भाजपा के प्रभाव में हैं, जबकि जनता विवश और त्रस्त है। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताया। महारैली में जनपद से शेख एजाज अहमद, रामलोचन निषाद, माधुरी रावत,  पंडित राम नरेश महाराज, शिवाकांत तिवारी, बाबर खान, आरिफ खान, हम्माद हुसैन सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक दिल्ली पहुंचे और रैली में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *