Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

ग्रामीण महिलाओं को कैंसर के प्रति किया जा रहा जागरूक, रचनात्मक गतिविधियों से दिया जा रहा स्वास्थ्य संदेश
FATEHPUR NEWS: नेहरू युवा संगठन टीसी एवं फावा वात्सल्य संस्था के तत्वावधान में ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को कैंसर के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक व्यापक जागरूकता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का सफल संचालन संस्था की कार्यक्रम समन्वयक अनीता वर्मा द्वारा किया जा रहा है, जो गांव-गांव जाकर महिलाओं को कैंसर के लक्षण, समय पर जांच और बचाव के उपायों की जानकारी दे रही हैं। अभियान के तहत महिलाओं को कैंसर के शुरुआती संकेतों की पहचान, समय पर उपचार की आवश्यकता और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया जा रहा है। कार्यक्रम को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए सांप-सीढ़ी खेल, संकल्प रंगोली प्रतियोगिता जैसी रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे महिलाएं सरल तरीके से गंभीर विषय को समझ पा रही हैं। संस्था के प्रतिनिधि आशुतोष ने बताया कि अब तक यह अभियान लगभग एक सैकड़ा गांवों तक पहुंच चुका है, जहां सैकड़ों महिलाओं को कैंसर के प्रति जागरूक किया गया है। यह पहल न केवल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ा रही है, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और साहस को भी मजबूत कर रही है। नेहरू युवा संगठन टीसी के अध्यक्ष राजेंद्र साहू के कुशल निर्देशन और मार्गदर्शन में यह अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है। उनका समाजसेवा के प्रति समर्पण कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। यह जागरूकता अभियान महिला सशक्तिकरण और स्वस्थ समाज की दिशा में एक सराहनीय कदम के रूप में देखा जा रहा है।