मुठभेड़ में पुलिस से भिड़े गो-तस्कर, एक को लगी पैर में गोली, दूसरा गिरफ्तार

MIRZAPUR NEWS: जनपद में गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लालगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को पुलिस मुठभेड़ में एक गो-तस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने डीसीएम वाहन से वध के लिए ले जाए जा रहे 33 गोवंश भी बरामद किए । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में पुलिस को सफलता मिली है।  बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डीसीएम वाहन में गोवंशों को मध्य प्रदेश से बिहार वध के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तेन्दुई ओवरब्रिज के पास हाइवे सर्विस लेन पर वाहन को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान वाहन सवार तस्करों ने भागने की कोशिश की। खुद को घिरता देख एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सोनू बिन्द निवासी चक्रपानपुर थाना मिर्जामुराद वाराणसी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं दूसरा आरोपी मिथिलेश कुमार भागने के दौरान वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से 15 गाय और 18 बैल/बछड़ा सहित कुल 33 गोवंश, डीसीएम वाहन संख्या MP09 GH 2701, एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया।  पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी सोनू बिन्द के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक लालगंज अभय कुमार सिंह व उनकी टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *