Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्रक भेजेंगे देशभर के कुली
LUCKNOW NEWS: रेलवे बोर्ड,रेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा कुलियों की स्थितियों की कराई गई जांच की रिपोर्ट को संसद के पटल पर रखने की मांग राष्ट्रीय कुली मोर्चा ने की है। मोर्चा की हुई वर्चुअल बैठक में इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजने और सांसदों से मिलकर उनके माध्यम से भी पत्रक भिजवाने का निर्णय हुआ है। बैठक के बारे में जानकारी देते हुए राष्ट्रीय कुली मोर्चा के कोऑर्डिनेटर राम सुरेश यादव ने बताया कि राष्ट्रीय कुली मोर्चा द्वारा लगातार उठाए गए मुद्दों तथा देशभर के कुली/यात्री सहायक संवर्ग की गंभीर आजीविका संकट की परिस्थितियों के संदर्भ में रेल मंत्रालय, भारत सरकार ने दिनांक 19 जून को सभी मंडल रेल प्रबंधकों को जांच हेतु निर्देशित किया था। लेकिन दुखद यह है कि उक्त आदेश के बाद हुई जांच की रिपोर्ट को आज तक मोर्चा के प्रतिनिधियों को नहीं दिया गया। यहाँ तक कि सांसदगण, जिनके पत्रों के आधार पर जांच कराई गई थी, उन्हें भी अभी तक कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। अभी भी रेल मंत्री द्वारा लोकसभा में जो बातें कुलियों के संदर्भ में प्रश्नकाल में बताई गई वह भी सच से परे हैं। सच्चाई यह है कि रेलवे के तेजी से बढ़ते आधुनिकीकरण, निजीकरण और ढांचागत परिवर्तनों के कारण देशभर में कार्यरत कुली/यात्री सहायक संवर्ग गहन आजीविका संकट से जूझ रहा है। बैटरी चालित वाहन, माय-कुली ऐप, सीएससी आधारित ट्रॉली प्रथा और अन्य निजी एजेंसियों के बढ़ते हस्तक्षेप के कारण कुलियों की रोज़ी-रोटी बुरी तरह प्रभावित हुई है। स्थिति यह है कि अनेक निजी एजेंसियां बैट्री कार संचालन में रेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशों का पालन तक नहीं कर रही हैं, जिसका सीधा प्रभाव न केवल कुलियों की आय पर पड़ रहा है बल्कि यात्री सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है। कुली मोर्चा ने रेल मंत्री से कई बार पत्रों और व्यक्तिगत मुलाकातों के माध्यम से आग्रह किया। लेकिन इस हालत को सुधारने के लिए कुछ नहीं किया जा रहा है। ऐसी स्थिति में एक बार पुन: भारत सरकार से आग्रह करने का निर्णय बैठक में लिया गया। आज के कार्यक्रम में प्रस्ताव राष्ट्रीय कुली मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैय्यद अदनान अहमद ने रखा और संचालन चंद्रेश्वर मुखिया ने किया। जिसमें विभिन्न जगहों से उपस्थित रहे अरुण कुमार यादव, रमेश ठाकुर, अनिल सांवले, राजू टेकम, विकास, जितेंद्र डांगी, राजकुमार यादव, शेख रहमतुल्लाह, चंदेश्वर मुखिया, रामबाबू बिलाला, राम महावर, कलीम मकरानी, संजय पासवान, सुभाष यादव, राजकृष्ण कुशवाह, दिगम्बर यादव, सुरेंद्र यादव, अरविंद, चंद्रेश्वर मुखिया , दिनेश मुखिया, चंद्रपाल, उमेश शर्मा, राहुल कुमार, राज कपूर, भारत भूषण, राजकुमार, अरुण कुमार महतो, शिवराम, मूलचन्द, अमजद भाई, चंद्री चालवाड़ी, राम जनम यादव, ओम प्रकाश खींची, इमरान अहमद ,मोहम्मद हाशिम, आदि लोगों ने किया।