Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

नेशनल हेराल्ड केस को लेकर फतेहपुर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन
FATEHPUR NEWS: प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। नेशनल हेराल्ड प्रकरण में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा दाखिल चार्जशीट पर कोर्ट द्वारा संज्ञान न लिए जाने को कांग्रेस ने द्वेषपूर्ण कार्रवाई बताया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए। भाजपा कार्यालय पहुंचने से पहले ही भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कार्यालय के बाहर ही रोक दिया, जहां वे लगभग डेढ़ घंटे तक धरने पर बैठे रहे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सोनिया गांधी और राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की गई। पत्रकारों से बातचीत में जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार जबरन गरीब और ग्रामीण हित की योजनाओं को समाप्त करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी जी के नाम पर कांग्रेस द्वारा शुरू की गई मनरेगा योजना, जिसका उद्देश्य ग्रामीण गरीबों को रोजगार देकर जीवन स्तर सुधारना था, उसे बदलकर धीरे-धीरे खत्म करने की साजिश की जा रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि आज जनता के सामने ईडी पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर कांग्रेस नेताओं को झूठे मामलों में फंसाया गया और कई नेताओं को डराकर पार्टी छोड़ने को मजबूर किया गया। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने वाले कांग्रेसी हर मोड़ पर संघर्ष के लिए तैयार हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से राहुल गांधी और सोनिया गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि दोनों नेताओं को इस मामले में जिस तरह प्रताड़ित किया गया, वह शर्मनाक है। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से संतोष कुमारी शुक्ला, राजेंद्र शुक्ला, कलीम उल्ला सिद्दीकी, शिवाकांत तिवारी, देवी प्रकाश दुबे, उदित अवस्थी, रामनरेश महाराज, ओम प्रकाश कोरी, अनुराग नारायण मिश्र, आदित्य श्रीवास्तव, चौधरी मोइन राइन, सैयद सहाब अली, राजू लोधी, राजन तिवारी, मनोज घायल, रिक्की सरदार, शकीला बानो, अजय बच्चा, कौशल कुमार शुक्ला, कल्लू कोरी, अकरम काले, राम चरण पासवान, आनंद गौतम, बसीर अहमद, मो. इस्माइल, मो. असलम, इंद्रजीत लोधी, नवनीत तिवारी, शमशाद अहमद, शैलेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, लाल तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।