Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: सवर्ण आर्मी के जिला अध्यक्ष संजय द्विवेदी ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपते हुए सवर्ण समाज से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज सामाजिक संतुलन, समान अवसर और सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों से जूझ रहा है, जिनके समाधान के लिए प्रभावी और संरचित नीति की आवश्यकता है। ज्ञापन में जिला अध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान सामाजिक ढांचे और विधिक व्यवस्थाओं के परिप्रेक्ष्य में सवर्ण समाज की उपेक्षित आवश्यकताओं पर गंभीरता से विचार किया जाना आवश्यक है। उन्होंने तीन सूत्री मांगों के माध्यम से प्रदेश व देश में समानता, न्याय और सामाजिक संतुलन स्थापित करने की बात कही। पहली मांग के तहत एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की समीक्षा अथवा सवर्ण सुरक्षा अधिनियम (सवर्ण एक्ट) के गठन की मांग की गई। संजय द्विवेदी ने कहा कि कई बार व्यक्तिगत व पारिवारिक विवादों में इस अधिनियम के दुरुपयोग की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिससे निर्दोष लोगों की सामाजिक प्रतिष्ठा और जीवन प्रभावित होता है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के निर्णयों का हवाला देते हुए दुरुपयोग रोकने के लिए ठोस प्रावधान जोड़ने या सवर्ण समाज को भी समान सुरक्षा देने की मांग की। दूसरी मांग में आरक्षण व्यवस्था को जातिगत आधार के बजाय आर्थिक आधार पर लागू करने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि जातिगत आरक्षण से कई स्थानों पर सामाजिक असंतुलन पैदा हुआ है और आर्थिक रूप से कमजोर सवर्ण वर्ग पिछड़ता जा रहा है। वास्तविक सामाजिक न्याय तभी संभव है जब आरक्षण का लाभ आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को मिले, चाहे वह किसी भी जाति से हों। तीसरी मांग के रूप में सवर्ण आयोग के गठन की मांग की गई। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक आयोग जैसी संस्थाएं मौजूद हैं, लेकिन सवर्ण समाज की समस्याओं, रोजगार वंचना, आर्थिक पिछड़ेपन और अधिकार-संतुलन से जुड़े मुद्दों की सुनवाई के लिए कोई अलग संस्थागत तंत्र नहीं है। संजय द्विवेदी ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से इन तीनों मांगों पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने और समयबद्ध सकारात्मक नीति-निर्णय लेने की अपील की। इस मौके पर उमेश द्विवेदी (जिला अध्यक्ष कोटेदार संघ), चुन्नीलाल शुक्ला, रामराज, यज्ञ दत्त वाजपेई, एडवोकेट सुनील मिश्रा, दीपक शुक्ला, अभिषेक ठाकुर, जितेंद्र तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।