Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी सहित अन्य प्रकरणों में प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच कर विधिक कार्रवाई की जाए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि फरियादियों को बार-बार थानों और कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई के दौरान यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पुलिस को संवेदनशील, उत्तरदायी और जनहितैषी बनकर कार्य करना है। शिकायतों के निस्तारण की प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जाए और संबंधित अधिकारियों द्वारा समय-समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। जनसुनवाई के माध्यम से आमजन को अपनी बात सीधे उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिला, जिससे लोगों में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला।