Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

तीन जनपद सहित मध्य प्रदेश को जोड़ता है अहम मार्ग
KAUSHAMBI NEWS: कौशांबी सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री, भारत सरकार को पत्र भेजकर प्रतापगढ़–कौशाम्बी–प्रयागराज–रीवा राज्य मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की जोरदार मांग की है। सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने पत्र में मार्ग की भौगोलिक, आर्थिक और सामाजिक उपयोगिता का विस्तार से उल्लेख करते हुए इसे जनहित में अत्यंत आवश्यक बताया है।पत्र में सांसद ने बताया कि यह मार्ग प्रयागराज–लखनऊ मुख्य मार्ग से नगर पंचायत मानिकपुर, राजस्व गांव की चौराही से प्रारंभ होकर लेहदरी पुल गंगा ब्रिज, देवीगंज, सैनी चौराहा, जीटी रोड कमासिन मोड़, सौरई बाजार, मंझनपुर, करारी, बेनीराम कटरा, सराय अकिल, परखास, नंदा का पुरवा, यमुना नदी पर पीपा का पुल होते हुए प्रयागराज के पडुवा, प्रतापपुर, शिवराजपुर और नारीबारी से गुजरता है। आगे यह मार्ग प्रयागराज–रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़कर मध्य प्रदेश को सीधे जोड़ता है।सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने कहा कि यह मार्ग प्रतापगढ़, कौशाम्बी और प्रयागराज जनपदों के दर्जनों कस्बों और सैकड़ों गांवों के लिए आवागमन की जीवनरेखा है। इसी मार्ग से किसान अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाते हैं, व्यापारी रोजाना आवाजाही करते हैं, छात्र–छात्राएं शिक्षा संस्थानों तक जाते हैं और मरीजों को जिला एवं मंडलीय अस्पतालों तक ले जाया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मार्ग की चौड़ाई कम होने और भारी वाहनों, बसों तथा निजी वाहनों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई स्थानों पर ब्लैक स्पॉट बन चुके हैं, जिससे जनहानि के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे घंटों जाम लगता है। सांसद ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि यदि इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर चौड़ीकरण, मजबूत पुल-पुलियों का निर्माण और आधुनिक सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं तो क्षेत्र के व्यापार, उद्योग और पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच संपर्क और मजबूत होगा।उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि जनहित और व्यापारियों के हित को देखते हुए इस मार्ग को शीघ्र राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर आवश्यक कार्यवाही की जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को सुरक्षित, सुगम और तेज यातायात की सुविधा मिल सके।