अभिभावकों ने दी भारतीय संस्कृति की परीक्षा, भावी पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का संकल्प

LAKHIMPUR KHERI NEWS: विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित ‘अखिल भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा’ (अभिभावक वर्ग) आज विद्या भारती विद्यालय पण्डित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज (यू०पी० बोर्ड) में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को भारतीय गौरवशाली परंपराओं, इतिहास और नैतिक मूल्यों से जोड़ना है, ताकि वे अपने बच्चों को घर पर भी वैसा ही सांस्कृतिक वातावरण प्रदान कर सकें। परीक्षा में स्थानीय क्षेत्र के लगभग 213 अभिभावकों ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया। परीक्षा के दौरान माता-पिता में वैसा ही उत्साह देखने को मिला, जैसा आमतौर पर विद्यार्थियों में होता है। परीक्षा में भारतीय संस्कृति, रामायण, महाभारत, स्वतंत्रता संग्राम के महापुरुषों और वैज्ञानिक भारत से जुड़े प्रश्न पूछे गए थे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ योगेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा, “शिक्षा केवल स्कूल तक सीमित नहीं है। जब अभिभावक स्वयं संस्कृति के प्रति जागरूक होते हैं, तभी वे बच्चों को सही संस्कार दे पाते हैं। यह परीक्षा केवल अंकों के लिए नहीं, बल्कि अपनी जड़ों को पहचानने के लिए है।” उन्होंने बताया कि इस परीक्षा का मूल्यांकन कुरुक्षेत्र(हरियाणा) में होगा। परीक्षा के बाद कई अभिभावकों ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस प्रक्रिया के माध्यम से उन्हें ऐसी कई ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जानकारियां प्राप्त हुईं, जिनसे वे अब तक अनभिज्ञ थे। उन्होंने इस आयोजन को परिवार में संवाद और ज्ञान बढ़ाने का एक उत्कृष्ट मंच बताया। संस्थान के नियमानुसार, 50% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभिभावकों को ‘योग्यता प्रमाण-पत्र’ प्रदान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *