Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने जनपद में किसानों को समय पर एवं निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था को परखने के लिए निजी खाद दुकानों और सहकारी समितियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिगिनियहवा बांसी स्थित महालक्ष्मी कृषि सेवा केन्द्र, पिपरा छंगत इटवा स्थित त्रिपाठी कृषि सेवा केन्द्र तथा खरदेवरी खुनियांव स्थित मौर्या खाद भण्डार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर और वितरण रजिस्टर का भौतिक सत्यापन कर आपसी मिलान कराया। जांच में अभिलेख अद्यतन और वितरण प्रक्रिया नियमों के अनुरूप पाई गई। इसके बाद जिलाधिकारी ने बहुद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति गोल्हौरा/सोनफेरवा खुर्द तथा पकड़ियहवा कला, विकास खण्ड बढ़नी का भी औचक निरीक्षण किया। यहां भी समितियों के स्टॉक रजिस्टर और वितरण रजिस्टर की गहन जांच की गई, जो संतोषजनक पाई गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को खाद का वितरण शासन द्वारा निर्धारित दर पर ही किया जाए और किसी भी प्रकार से किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी या कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।