Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JHANSI NEWS: डकैती, रंगदारी सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव ने गुरुवार को झांसी स्थित सीजेएम/एमपी-एमएलए विशेष न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। लंबे समय से फरार चल रहे पूर्व विधायक के अचानक कोर्ट पहुंचकर सरेंडर करने से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। बताया गया है कि पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव पर डकैती, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहे थे। इसी बीच उन्होंने सीधे अदालत में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट में सरेंडर के बाद न्यायालय ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सरेंडर की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल कोर्ट परिसर पहुंची और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। गौरतलब है कि दीप नारायण सिंह यादव के खिलाफ दर्ज मामलों को देखते हुए प्रशासन पहले ही गैंगस्टर एक्ट के तहत उनकी करोड़ों रुपये की संपत्ति कुर्क कर चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों की संख्या कई दर्जन बताई जा रही है। पूर्व विधायक के सरेंडर को लेकर जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज है। पुलिस का कहना है कि अब रिमांड के दौरान उनसे पूछताछ कर डकैती और रंगदारी के मामलों में अन्य आरोपियों तथा नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।