Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

LUCKNOW NEWS: भाकपा माले के पूर्व महासचिव कामरेड विनोद मिश्र के स्मृति दिवस के अवसर पर लखनऊ में अनेक जगहों पर पार्टी की ओर से लाल झंडा रोहण करके संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आरंभ पार्टी के लाल कुआं कार्यालय लेनिन पुस्तक केंद्र में हुआ। इस अवसर पर कामरेड विनोद मिश्र के क्रांतिकारी योगदान को याद करते हुए वर्तमान में फासीवाद के हमले के खिलाफ एक मजबूत व गतिशील पार्टी बनाने तथा मोदी-योगी सरकार के हर हमले के खिलाफ जोरदार संघर्ष चलाने का संकल्प लिया। संकल्प सभा को भाकपा माले के लखनऊ जिला प्रभारी रमेश सिंह सेंगर, जन संस्कृति मंच उत्तर प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष कौशल किशोर, किसान नेता शिवाजी राय, एपवा की जिला संयोजक सरोजिनी बिष्ट, ऐक्टू के जिला मंत्री कुमार मधुसूदन मगन, जिला अध्यक्ष का0 चन्द्रभान गुप्ता, इनौस नेता का0 राजीव गुप्ता, उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता का0 मो0 कामिल खां, का0 सतीश राव, ऐक्टू नेता का0 राम अनुज ओझा आदि लोगों ने संबोधित किया। वक्ताओं का कहना था कि एक के बाद एक राज्य चुनावों में मिली जीत से मोदी सरकार बेलगाम हो चुकी है। उसने पूरे देश में अपने फासीवादी हमलों को तेज कर दिया है। ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) के नाम पर मतदाता सूची से नामों की कटाई की देशव्यापी मुहिम चलाई जा रही है। नए श्रम कानूनों और निजीकृत शिक्षा के जरिए मजदूर तबके और छात्रों पर कॉर्पोरेट नियंत्रण को मजबूत किया जा रहा है। संघीय ढांचे चरमरा रहे हैं। देश में साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण की खाई को गहरा किया जा रहा है। लोकतंत्र, संविधान और संस्थाओं पर हमला तेज है। इसका जवाब जन आंदोलन है। इसके लिए अपने संगठन को मजबूत और व्यापक करने का हमारे सामने कार्यभार है। संकल्प सभा का आयोजन माले के अनेक ब्रांचों में भी किया गया। ये हैं मुंशी खेड़ा, धुबैला, मोहिबुल्लापुर, हरदासीखेड़ा, बरगदी, बन्नौर आदि हैं । यहां भी पार्टी का झंडा रोहण कर संकल्प सभाएं की गई। कार्यक्रम के अंत में पार्टी के वरिष्ठ नेता कामरेड राजा बहुगुणा को दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।