Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: राज्यपाल के जनपद आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने हेलीपैड स्थल लोधीगंज तथा कार्यक्रम स्थल सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, वीआईपी रोड फतेहपुर का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हेलीपैड स्थल पर सुरक्षा घेरा, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा यातायात प्रबंधन का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि हेलीपैड क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम स्थल पर निरीक्षण के दौरान मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, प्रवेश एवं निकास मार्ग, वीआईपी मूवमेंट तथा सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों, मेटल डिटेक्टर तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की और पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी निर्वहन के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय राज्यपाल का कार्यक्रम गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होना चाहिए, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस बल एवं संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।