Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: राज्यपाल के जनपद आगमन से पूर्व प्रशासनिक तैयारियों को लेकर शुक्रवार को गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की। बैठक में राज्यपाल के प्रस्तावित कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, हेलीपैड व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल की तैयारियों, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय राज्यपाल महोदया का कार्यक्रम गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए तथा वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। बैठक के अंत में अधिकारियों द्वारा तैयारियों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश जारी किए गए।