Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: खागा तहसील अंतर्गत ऐरायाँ विकास खंड की ग्राम पंचायत तौरा में नाली निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। सरकारी धन से कराए जा रहे इस निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का खुलेआम उपयोग किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। आरोप है कि कागजों में भुगतान प्रथम श्रेणी का किया जा रहा है, जबकि धरातल पर कार्य निम्न गुणवत्ता का किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार नाली निर्माण में पट श्याम ईंटों एवं स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए घटिया मसाले का प्रयोग किया जा रहा है। निर्माण कार्य अधूरा और मानकों के विपरीत बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्य की गुणवत्ता की जांच नहीं की गई तो नाली कुछ ही समय में क्षतिग्रस्त हो जाएगी। सबसे बड़ा सवाल यह है कि नाली निर्माण कार्य का अब तक संबंधित अधिकारियों द्वारा निरीक्षण क्यों नहीं किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी जानबूझकर आंख मूंदे बैठे हैं, जिससे ठेकेदार और संबंधित लोग मनमानी कर रहे हैं। मामले में ग्राम पंचायत सचिव ज्ञानहरि ने स्वीकार किया कि मौके पर जाकर देखने पर खराब ईंटों का प्रयोग पाया गया था। उन्होंने बताया कि निर्माण एजेंसी को तत्काल निर्देश दिए गए हैं कि अब दूसरी ट्राली खराब ईंटों की नहीं लाई जाएगी और मानक के अनुसार सामग्री का ही उपयोग किया जाएगा। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब तक इस मामले में ठोस कदम उठाते हैं और सरकारी धन की गुणवत्ता के साथ उपयोग सुनिश्चित करते हैं।