Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: जिले के मलवां थाना क्षेत्र के वाहिदपुर गांव में अराजक तत्वों द्वारा मूंगफली व्यापारी के गोदाम में आग लगाए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना में व्यापारी को लगभग तीन से चार लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। पीड़ित का आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते सक्रिय होती तो इस बड़े हादसे को रोका जा सकता था। जानकारी के अनुसार वाहिदपुर गांव निवासी मूंगफली व्यापारी विष्णु गुप्ता की दुकान व गोदाम को रात के समय अराजक तत्वों ने निशाना बनाया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले दुकान में लगी भट्टी तोड़ी, फिर वहां रखे इंजन से डीजल निकालकर गोदाम का ताला तोड़ा और कच्ची व भुनी हुई मूंगफली की करीब 50 बोरियों में आग लगा दी। आगजनी की इस घटना में व्यापारी को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि गुरुवार शाम उसका पुत्र आर्यन दुकान के पैसे लेने मलवां जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उसे रोककर मारपीट की। घटना की सूचना तत्काल पीआरबी को दी गई। मौके पर पहुंची पीआरबी को हमलावरों के चार पहिया वाहन का नंबर भी बताया गया। इसके बाद पीआरबी ने पीड़ित को मलवां थाने भेज दिया, जहां पुलिस ने प्रार्थना पत्र लेकर अगले दिन आने की बात कहकर उसे वापस घर भेज दिया। आरोप है कि उसी दौरान मूंगफली भूनने का कार्य करने वाले करन पुत्र मन्नीलाल को भी रास्ते में रोककर हमलावरों ने पीटा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस वाहन संख्या के आधार पर तत्काल कार्रवाई करती तो गोदाम में आगजनी जैसी बड़ी घटना को रोका जा सकता था।
घटना के बाद व्यापारी और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।