Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: रबी सीजन 2025-26 के अंतर्गत किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से जनपद की सभी न्याय पंचायतों की 294 ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत स्तरीय गोष्ठी/किसान पाठशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 12 दिसंबर 2025 से 29 दिसंबर 2025 के मध्य संपन्न कराया जाएगा। उप कृषि निदेशक, फतेहपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि किसान पाठशालाओं के माध्यम से किसानों को रबी फसलों की बेहतर पैदावार, संसाधनों के समुचित उपयोग एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 18 दिसंबर 2025 को ब्लॉक भिटौरा की ग्राम पंचायत सलेमाबाद में किसान पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्री सत्येन्द्र सिंह, उप कृषि निदेशक तथा श्री रंजीत कुमार चौरसिया, उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी, फतेहपुर सहित कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी उपस्थित रहे। किसान पाठशाला के दौरान किसानों को प्रधानमंत्री प्रणाम योजना, विभिन्न पारिस्थितिकी योजनाएं, खेत तालाब योजना, प्रधानमंत्री ड्रिप डाईवर्सन किसान सिंचाई योजना (पीडीडीकेएसवाई), राष्ट्रीय सतत कृषि मिशन (एनएमएसए), वाटरशेड विकास (डब्लूडीसी) योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फार्मर रजिस्ट्री, एफपीओ गठन, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (एनएफएसएम), कृषि यंत्रीकरण योजना, राष्ट्रीय तिलहन एवं पाम तेल मिशन (एनएमईओ), राष्ट्रीय मोटा अनाज मिशन (एनएमएनएफ), तथा प्राकृतिक खेती योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और वैज्ञानिक तरीके से खेती कर अपनी आय में वृद्धि करें। किसान पाठशालाओं के माध्यम से किसानों की समस्याओं का समाधान करने का भी प्रयास किया जा रहा है।