Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज–5.0” अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों द्वारा चलाया गया। अभियान के तहत गठित मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो टीमों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों-कॉलेजों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया। टीमों ने महिलाओं को बताया कि वे किसी भी प्रकार की असहज स्थिति या अपराध की आशंका होने पर बिना भय के पुलिस से संपर्क कर सकती हैं। इस दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही इन योजनाओं का लाभ कैसे प्राप्त किया जा सकता है, इस पर भी मार्गदर्शन किया गया। पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं की सहायता के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी पंपलेट के माध्यम से दी गई। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एंबुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। इसके साथ ही मोबाइल में पैनिक बटन और इमरजेंसी कॉल सुविधा का डेमो भी दिखाया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से जनपद में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।