Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

जरूरतमंद बालिकाओं एवं बालकों को बांटी गई साइकिल व राहगीरों को बांटे गए हेलमेट
FATEHPUR NEWS: स्थानीय युवाओं और सामाजिक रूप से वंचित वर्गों को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट द्वारा प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन स्किल सेंटर का शुभारंभ किया गया। त्रिवेणी संगम हाइवे प्राइवेट लिमिटेड, बड़ौरी टोल प्लाजा परिसर में स्थापित प्रोजेक्ट सक्षम स्किल सेंटर का औपचारिक उद्घाटन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव ने किया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि पंकज यादव के साथ सर्कल इंचार्ज प्रगति यादव, एनएचएआई के मैनेजर टेक जैद खान, आरटीओ पुष्पांजलि गौतम मित्रा, वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट के सीएसआर हेड प्रियेश राठौर, साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार शीबू खान, फतेहपुर जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह, फतेहपुर जिला सचिव धीर सिंह यादव तथा उत्तराखंड राज्य सह प्रभारी पारुल सिंह सहित यातायात विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर सीएसआर हेड प्रियेश राठौर ने बताया कि स्किल सेंटर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बेटियों, श्रमिकों तथा सामाजिक रूप से वंचित समुदायों को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। प्रोजेक्ट सक्षम के अंतर्गत तकनीकी एवं औद्योगिक कौशल प्रशिक्षण, डिजिटल स्किल्स व कंप्यूटर शिक्षा, व्यक्तित्व विकास तथा रोजगारोन्मुखी सॉफ्ट-स्किल प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल आधुनिक उद्योगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है, जिससे स्थानीय समुदाय को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। वहीं इस कार्यक्रम के दौरान शिक्षा को सुलभ बनाने की दिशा में एक और सराहनीय कदम उठाते हुए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के 28 स्कूली बच्चों को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। वक्ताओं ने कहा कि इससे बच्चों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, समय की बचत होगी और वे पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट एवं त्रिवेणी संगम हाइवे प्राइवेट लिमिटेड द्वारा जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। इस मौके पर आरटीओ पुष्पांजलि गौतम मित्रा और सीओ प्रगति यादव ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं और लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि कौशल विकास, शिक्षा और सड़क सुरक्षा के समन्वित प्रयास से समाज को सशक्त और सुरक्षित बनाया जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सीएसआर एवं सुरक्षा प्रबंधक फिरोज़ खान ने किया। इस अवसर पर प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के अधिकारी, त्रिवेणी संगम हाइवे प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राकेश भारद्वाज सहित आलोक सिन्हा, अरुण सेंथिल, अविनाश द्विवेदी, अतुल यादव, संदीप पांडेय तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।