Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

18×34 मीटर का भव्य हॉल, स्टेज सहित आधुनिक निर्माण, स्टाफ रूम व आठ आवासों का भी निर्माण प्रगति पर
LAKHIMPUR KHERI NEWS: शुक्रवार को जिले की बहुप्रतीक्षित सुविधा अब जल्द ही साकार होने जा रही है। छाउछ स्थित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में निर्माणाधीन 300 सीट क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम तेजी से आकार ले रहा है। जिला मुख्यालय पर ओपन ऑडिटोरियम के अतिरिक्त, ऐसा अत्याधुनिक और 300 क्षमता वाला ऑडिटोरियम कोई भी नहीं है, इसलिए यह परियोजना जनपद वासियों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
निर्माण स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे सीडीओ अभिषेक कुमार ने डाइनिंग हॉल, ऑडिटोरियम-कम-कॉमन हॉल, स्टाफ रूम और आवासीय भवनों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं होगा, और सभी निर्माण सामग्री मानक के अनुरूप होनी चाहिए। परियोजना को 30 अगस्त 2024 को स्वीकृति मिली थी, जिसकी कुल लागत 6.31 करोड़ रुपये है। निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश समाज कल्याण निर्माण निगम लिमिटेड (यूपी-सिडको) द्वारा कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कार्यदाई संस्था के प्रतिनिधि ने अवगत कराया कि 18×34 मीटर क्षेत्रफल में ऑडिटोरियम हॉल तैयार किया जा रहा है, जिसमें 300 लोगों के बैठने की क्षमता वाले आकर्षक स्टेज का निर्माण शामिल है। इसके बगल में स्टाफ रूम और आठ टाइप-2 आवास का निर्माण कार्य भी तेजी पर है। सीडीओ ने निर्देश दिए कि निर्माण में तेजी लायी जाए और परियोजना समयसीमा के भीतर पूरी हो। उनका कहना है कि इस ऑडिटोरियम के बन जाने से जिले में शैक्षिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए नया मंच तैयार होगा और छात्रों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।