राजस्व रिकॉर्ड में तालाब दर्ज, फिर भी अवैध कब्जे की कोशिश—लेखपाल ने हटवाया था अतिक्रमण

पूर्व में हुई मारपीट के आरोप में दर्ज हुआ था मुकदमा , अब जान से मारने की धमकी का आरोप
KAUSHAMBI NEWS: सिराथू तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर नागियामई गांव निवासी शाहीन बेगम पत्नी हिम्मत अली ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर तालाब की भूमि को सुरक्षित कराए जाने की मांग की है। पीड़िता शाहीन बेगम का आरोप है कि गांव में राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज भूमि पर गांव के कुछ दबंग किस्म के लोग उक्त भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।शिकायत पर पूर्व में लेखपाल और कानूनगो द्वारा मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाया गया था, लेकिन इसके बाद भी दबंगों द्वारा दोबारा कब्जे की कोशिश की जा रही है। पीड़िता के अनुसार तालाब के बगल में उनका रिहायशी मकान बना हुआ है , पीड़िता ने आरोप लगाया कि अवैध कब्जे का विरोध करने पर पहले भी दबंगों ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसका मुकदमा संबंधित थाने में दर्ज है। वर्तमान में दबंगों द्वारा जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे पूरा परिवार दहशत में है। समाधान दिवस में जिलाधिकारी से पीड़िता ने तालाब की भूमि को स्थायी रूप से सुरक्षित कराने, अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *