Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
SIDHARTHNAGAR NEWS: नगर पंचायत बढ़नी में स्थित श्री राणीसती मंदिर में आगामी 22 दिसंबर को सवा लाख दादी परिवार उत्सव का भव्य एवं विशाल आयोजन किया जाएगा। इस पावन अवसर पर दादी मां का अद्भुत पुष्प अभिषेक, सवा मन सिंदूर उत्सव, गजरा उत्सव, चुनरी उत्सव सहित छप्पन भोग का आयोजन होगा। सायंकाल भजन गंगा कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक संजय शर्मा, पूनम सुरेका एवं अभिषेक सिंघल अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से दादीजी के दरबार में भक्ति रस की धारा प्रवाहित करेंगे।मारवाड़ी समाज की आराध्य राणीसती दादी को पतिव्रता धर्म, आस्था और संस्कृति का प्रतीक माना जाता है। उनके जन्मोत्सव माह मंगसिर में आयोजित इस सवा लाख दादी परिवार उत्सव का आयोजन राणीसती दादी परिवार, मारवाड़ी सेवा समिति एवं मारवाड़ी युवा मंच, बढ़नी कृष्णानगर के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन समिति के विष्णु मित्तल व जय प्रकाश बंसल ने बताया कि 22 दिसंबर को प्रातः 9 बजे से साढ़े 12 बजे तक दादीजी का सवा लाख जवा फूलों से भव्य एवं मनोहारी अभिषेक संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि अपरान्ह 3 से साढ़े 4 बजे तक सवा मन सिंदूर उत्सव, सायं 5 से 6 बजे तक चूड़ा उत्सव, सायं 6 से 7 बजे तक दादीजी की महिमा का भावपूर्ण गायन, तत्पश्चात साढ़े 7 बजे तक चुनरी उत्सव तथा रात्रि 8 बजे तक गजरा उत्सव आयोजित होगा। राधा केडिया ने जानकारी देते हुए बताया कि रात्रि 8 बजे से देर रात तक मंदिर प्रांगण में भजन गंगा प्रवाहित होगी, जिसमें ख्यातिलब्ध भजन गायकों द्वारा दादीजी की महिमा का गुणगान किया जाएगा। इस दौरान कोलकाता से आए कलाकारों द्वारा आकर्षक नृत्य-नाटिकाओं की प्रस्तुति भी दी जाएगी। रात्रि साढ़े 8 बजे दादीजी को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। दिनभर आयोजित सभी उत्सवों में नृत्य-नाटिकाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजक मंडल ने दादी प्रेमियों से सपरिवार कार्यक्रमों में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। आयोजन को लेकर दादी के दरबार सहित पूरे मंदिर परिसर व आसपास भव्य एवं आकर्षक सजावट की जा रही है। उत्सव को सफल बनाने में मनोज कानोड़िया, गोकुल गोयल, रंजन कानोड़िया, माधव सिंघल, वत्सल गोयल, राघव मित्तल, तरुण गोयल तथा रश्मि बंसल, एकता कानोड़िया, आभा मित्तल सहित अनेक श्रद्धालु सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।