पुलिस टीम ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया

LAKHIMPUR KHERI NEWS: जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत कोतवाली निघासन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देश पर वांछित एवं वारण्टी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में क्षेत्राधिकारी निघासन शिवम कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली निघासन महेश चन्द्र के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार थाना निघासन पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 0372/2025 धारा 308(5), 318(4), 351(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत वांछित चल रहे अभियुक्त जैनुद्दीन पुत्र वसीर अली निवासी सिंगहा थाना सिंगाही जिला खीरी तथा रिजवान पुत्र अग्गा खां निवासी पठाननपुरवा थाना पढुआ जिला खीरी को रविवार को बिरजापुरवा जाने वाले रास्ते पर नहर की पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को लंबे समय से इन अभियुक्तों की तलाश थी। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के पास से बड़ी मात्रा में नेपाली मुद्रा, एक मोटर साइकिल तथा पीली धातु का नकली सोने की ईंट का टुकड़ा बरामद किया है। पुलिस की माने तो अभियुक्त जैनुद्दीन के कब्जे से 88 हजार रुपये नेपाली मुद्रा तथा अभियुक्त रिजवान के पास से 37 हजार रुपये नेपाली मुद्रा बरामद की गई। इसके अलावा एक अदद डिस्कवर मोटर साइकिल संख्या यूपी 31 एक्स 3096 तथा 322 ग्राम वजन की पीली धातु की नकली सोने की ईंट का टुकड़ा भी पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामदगी के आधार पर अभियुक्तों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े अहम सुराग मिलने की संभावना है। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि अभियुक्त सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय रहकर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक आदित्य कुमार यादव, कांस्टेबल राजकुमार, कांस्टेबल राहुल कुमार, कांस्टेबल गौरव कुमार तथा कांस्टेबल लवकुश शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध व अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *