Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
LUCKNOW NEWS: आगामी 13 जनवरी को आयोजित होने वाले निषाद पार्टी के कार्यक्रम की तैयारियों के क्रम में आज कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी सुप्रीमो डॉ. संजय कुमार निषाद के सरकारी आवास पर दो दिवसीय शिक्षण–प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 13 जनवरी केवल एक तिथि नहीं, बल्कि निषाद समाज के अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान के संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए संगठनात्मक एकजुटता, अनुशासन और सक्रिय जनसंपर्क पर विशेष जोर दिया।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह शिक्षण–प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त करने तथा कार्यक्रम की रणनीति को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। इस शिविर में प्रदेश के सभी जनपदों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही, जिससे संगठन की व्यापकता और मजबूती का स्पष्ट संदेश गया।
मंत्री ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में निषाद पार्टी पूरी मजबूती, आत्मविश्वास और संगठित रणनीति के साथ चुनाव लड़ेगी तथा हर स्तर पर जनता की आवाज़ बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से आह्वान किया कि अब बिना थके और बिना रुके अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना होगा। हमारा एकमात्र लक्ष्य है—सत्ता में मजबूती से भागीदार बनकर संवैधानिक आरक्षण के अधिकार की लड़ाई को निर्णायक रूप से लड़ना और हासिल करना। निषाद ने कहा कि आज निषाद पार्टी ने न केवल उत्तर प्रदेश में, बल्कि देश और विदेश में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है, जो समर्पित कार्यकर्ताओं के संघर्ष और प्रतिबद्धता का परिणाम है।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कार्यकर्ता रहेंगे तो पार्टी है। निषाद पार्टी में समाज के सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई में सहभागी बनने वाले हर व्यक्ति का स्वागत है।